रामगढ़ विधानसभा को बड़ी सौगात: 11.98 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी 27 नई सड़कें
रामगढ़ में 11.98 करोड़ रुपये की सड़कों की स्वीकृति, 27 मार्गों पर बिछेगा 39 किलोमीटर का जाल
रामगढ़, अलवर (राधेश्याम गेरा)। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांवों और ढाणियों में लंबे समय से जर्जर सड़कों की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने जा रही है। स्थानीय विधायक सुखवंत सिंह के विशेष प्रयासों से क्षेत्र में 11 करोड़ 98 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों की स्वीकृति जारी कर दी गई है। इसके तहत कुल 39.05 किलोमीटर लंबी 27 छोटी-बड़ी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे कस्बों और दूर-दराज की ढाणियों का सीधा संपर्क स्थापित हो सकेगा।
स्वीकृत प्रमुख सड़क मार्गों में मालपुर पीएचसी से ईंदपुर की ओर, बुटोली में मम्मन शर्मा के मकान से उच्च प्राथमिक स्कूल की ओर, हादरहेड़ा से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की ओर, मस्ताबाद में गौशाला तक, डाबरी से मुबारकपुर, बिलासपुर से जाटों का बास, मीनापुरा से आरएसी बटालियन की ओर तथा खानपुर खुर्द (ईंदपुर) से मंशीरपुर मार्ग शामिल हैं।
विधायक के निजी सचिव मनदीप यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि यह स्वीकृति राज्य सरकार की बजट घोषणा 2026-27 के अंतर्गत जारी की गई है। विधायक सुखवंत सिंह द्वारा क्षेत्र की अति-आवश्यक व जर्जर सड़कों के प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार को भेजे गए थे, जिन्हें मंजूरी मिल गई है। इससे कई ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से लंबित सड़क निर्माण की मांग पूरी हो सकेगी।
सड़कों की मंजूरी की खबर मिलते ही विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई और ग्रामीणों ने विधायक सुखवंत सिंह को दूरभाष पर बधाई दी।

