राजगढ़-अलवर हाईवे पर 6 दिवसीय शिविर शुरू; कांवड़ियों के लिए रहने, खाने और चिकित्सा की नि:शुल्क व्यवस्था
राजगढ़/अलवर (अनिल कुमार गुप्ता)। राजगढ़-अलवर मेगा हाईवे स्थित कोठीनारायणपुर बाईपास के पास विद्यालय परिसर में कांवड़ियों की सेवा के लिए छः दिवसीय भव्य कांवड़ शिविर का धार्मिक माहौल में शुभारंभ हुआ। समाजसेवी अशोक पंसारी ने बताया कि शिविर का उद्घाटन पंडित अजय महाराज एवं पंडित शानू शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अवधूत आश्रम के महंत अमन भारती महाराज के हाथों भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना करवाकर संपन्न कराया।
6 से 11 अगस्त तक मिलेगी हर प्रकार की सुविधा
राजगढ़ कस्बेवासियों के सहयोग से आयोजित यह कांवड़ शिविर 6 अगस्त से 11 अगस्त तक निरंतर संचालित रहेगा। शिविर में दूर-दराज से आने वाले शिवभक्त कांवड़ियों के विश्राम, ठहरने, भोजन-प्रसाद, पेयजल तथा आकस्मिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा की माकूल व्यवस्था की गई है। शिविर का शुभारंभ होते ही कांवड़ियों के जत्थों का आगमन शुरू हो गया, जिससे पूरा परिसर 'बम-बम भोले' के जयकारों से गूंज उठा।
प्रतिदिन शाम को सजेगी भजनों की शाम
शिविर प्रबंधकों ने बताया कि कांवड़ियों की सेवा के साथ-साथ शिविर स्थल पर प्रतिदिन शाम 8 बजे से रात 10 बजे तक भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय एवं आमंत्रित कलाकार शिव भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। इस अवसर पर प्रदीप महावर, संजय राजस्थानी, बाबूलाल डायला सहित क्षेत्र के कई प्रमुख व्यापारी, समाजसेवी और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

