16वां विशाल कांवड़ सेवा शिविर शुरू: गोठ की चौकी हनुमान मंदिर पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ शुभारंभ
सकट/अलवर। अलवर-सिकंदरा मेगा हाईवे स्थित गोठ की चौकी नीमला रोड पर बने हनुमान मंदिर परिसर में गुरुवार को 16वें विशाल कांवड़ सेवा शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ। शिव कांवड़ सेवा समिति मोतीवाड़ा, नीमला एवं रतनपुरा के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस शिविर का उद्घाटन मंदिर के महंत मनीराम दास महाराज के मुख्य आतिथ्य में भगवान गणेश, शिवजी और हनुमानजी की पूजा-अर्चना तथा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया।
10 अगस्त तक 24 घंटे मिलेगी सेवा
समिति के रामावतार शर्मा ने बताया कि शिवभक्त कांवड़ियों की सुविधा और सेवा के लिए यह कांवड़ शिविर 10 अगस्त तक निरंतर संचालित रहेगा। शिविर में दूर-दराज से आने वाले कांवड़ियों के लिए अल्पाहार, शुद्ध भोजन, पेयजल, रात्रि विश्राम तथा किसी भी आकस्मिक स्वास्थ्य समस्या से निपटने के लिए प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है।
शिवभक्तों की सेवा में जुटे ग्रामीण और कार्यकर्ता
शिविर के शुभारंभ के अवसर पर रामकिशन कुमावत, विशंभर जांगिड़, छितर मल जांगिड़, नंदलाल गुर्जर, विमलेश गोस्वामी, विष्णु मीणा, राजेश कैलाश मीणा, राजेंद्र जांगिड़, हेमू स्वामी, उपेंद्र गुर्जर, बनवारीलाल सैनी, फूलचंद सैनी, लक्ष्मण प्रजापत और दिनेश गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर शुरू होते ही मार्ग से गुजरने वाले कांवड़ियों का स्वागत और सेवा-सत्कार प्रारंभ कर दिया गया है।

