भीलवाड़ा के राजेंद्र मार्ग स्कूल की अनूठी पहल: अमेरिका से सीधी जुड़ीं ऑनलाइन क्लासेस, कैलिफोर्निया के वैज्ञानिकों से पढ़े सरकारी स्कूल के बच्चे
राजेंद्र मार्ग विद्यालय की ऐतिहासिक पहल: कैलिफोर्निया से सीधे जुड़े सरकारी स्कूल के होनहार, अमेज़न और मर्सिडीज-बेंज के एक्सपर्ट्स ने दिया मार्गदर्शन
भीलवाड़ा / बद्रीलाल माली । राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजेंद्र मार्ग ने शिक्षा के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है। विद्यालय में अध्ययनरत आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए एक अनूठी अंतरराष्ट्रीय पहल की शुरुआत की गई है। प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह गहलोत की प्रेरणा से साइंस स्ट्रीम के विद्यार्थियों के लिए अमेरिका के कैलिफोर्निया शहर से सीधे ऑनलाइन 'स्पेशल क्लासेस' का आयोजन किया गया।
अंतरिक्ष और ऑटोमोटिव तकनीक पर हुआ संवाद
विद्यालय के प्राध्यापक सत्येंद्र माली ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राध्यापक राजेश कुमार शर्मा के संयोजन, प्राध्यापक सपना चंदेरिया एवं बेसिक कंप्यूटर निदेशक स्तुति नवहाल के मार्गदर्शन में पहले एक प्रश्नोत्तरी (Quiz) प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसके माध्यम से चयनित मेधावी छात्रों को अंतरिक्ष, संचार और ऑटोमोटिव तकनीक जैसे आधुनिक विषयों पर सीधे कैलिफोर्निया के विशेषज्ञों से संवाद करने का अवसर मिला।
समय के अंतर को मिटाकर जुड़े वैश्विक विशेषज्ञ
तकनीक के इस अनूठे प्रयोग के तहत जब भारत में रात के 9 बज रहे थे, तब कैलिफोर्निया में सुबह के 9 बजे यह स्पेशल क्लास आयोजित हुई। इस अंतरराष्ट्रीय सत्र में अमेज़न की मैरिसा लोमैक, एनवीडिया के डायरेक्टर तोआन दो, मर्सिडीज-बेंज रिसर्च के इंजीनियरिंग मैनेजर सचिन और 'न्यूरो प्लान' स्टार्टअप के फाउंडर पहल व्यास ने मुख्य विशेषज्ञ के रूप में शिरकत की। विशेषज्ञों ने बच्चों के उत्सुक प्रश्नों के बहुत सरल और व्यावहारिक उत्तर देकर उनका मार्गदर्शन किया।
हर सप्ताह आयोजित होगी विशेष क्लास
विद्यार्थियों और शिक्षकों के अभूतपूर्व उत्साह को देखते हुए प्राध्यापक माली ने बताया कि इस ऑनलाइन श्रृंखला की अगली स्पेशल क्लास ठीक एक सप्ताह बाद आयोजित की जाएगी। सरकारी विद्यालय की इस वैश्विक सोच और अंतरराष्ट्रीय स्तर की पहल की अभिभावकों, शिक्षाविदों और स्थानीय प्रबुद्धजनों ने मुक्त कंठ से सराहना की है।

