सत्येंद्र गोयल धौलपुर के भाजपा जिला संगठन प्रभारी नियुक्त; गोयल बोले— सत्ता व संगठन की मजबूती और स्थानीय निकायों में जीत दर्ज करना प्राथमिकता
हलैना (विष्णु मित्तल) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने भरतपुर निवासी वरिष्ठ नेता सत्येंद्र गोयल को धौलपुर जिले का भाजपा जिला संगठन प्रभारी नियुक्त किया है। गोयल इससे पूर्व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, भरतपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष तथा करौली एवं अलवर जिलों के संगठन प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएँ दे चुके हैं।
- कार्यकर्ताओं को महत्व और जिताऊ उम्मीदवारों को टिकट
अपनी नियुक्ति पर गोयल ने कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई इस नई जिम्मेदारी का वे पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि सत्ता व संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर संगठन को धरातल पर और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि शहरी निकायों और पंचायती राज चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहे, इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। धौलपुर में जिला प्रमुख, प्रधान तथा नगर परिषद अध्यक्ष के पदों पर भाजपा का परचम लहराना उनकी मुख्य प्राथमिकता रहेगी। चुनाव में समर्पित कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाएगा और केवल जिताऊ एवं टिकाऊ उम्मीदवारों को ही अवसर दिया जाएगा।

