गोविंदगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती की मौत: परिजनों ने एडीएम से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की
अलवर के गोविंदगढ़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में उपचार के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत के मामले में परिजनों ने कार्रवाई की मांग की है। इसे लेकर अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) अंबाराम मीणा से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों का आरोप है कि जांच के आदेश के बावजूद निर्धारित समय सीमा बीतने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
ये मामला रचना (26) पत्नी विजय की मौत से संबंधित है, जो करीब चार माह की गर्भवती थीं। उन्हें 26 जुलाई की रात पेट दर्द होने पर अस्पताल लाया गया था।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में गलत उपचार और एंबुलेंस पहुंचने में देरी के कारण रचना और उनके गर्भस्थ शिशु की जान चली गई।
परिवार का कहना है कि पूर्व में शिकायत दर्ज कराई गई थी और जांच के निर्देश भी दिए गए थे। हालांकि, तय समय सीमा बीतने के बावजूद प्रशासनिक ढिलाई के चलते दोषियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे उनमें गहरा आक्रोश है।

