राजगढ़ में भाजपा का बना बोर्ड, रेखा देवी बनीं नगरपालिका अध्यक्ष; 18 वोटों के भारी अंतर से निर्दलीय प्रत्याशी को हराया
राजगढ़ (अलवर/अनिल गुप्ता)। नगरपालिका राजगढ़ के अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को हुए मतदान के बाद परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। भाजपा प्रत्याशी रेखा देवी ने 18 मतों के बड़े अंतर से शानदार जीत दर्ज करते हुए पालिकाध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है। इसके साथ ही राजगढ़ नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड बन गया है।
रिटर्निंग अधिकारी सीमा मीना ने बताया कि अध्यक्ष पद के चुनाव में कुल पड़े मतों में से भाजपा की रेखा देवी को 29 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार सैनी को महज 11 मतों से ही संतोष करना पड़ा।
परिणाम जारी करने के तुरंत बाद रिटर्निंग अधिकारी सीमा मीना ने नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष रेखा देवी को जीत का आधिकारिक प्रमाण पत्र सौंपा और उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
- कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंचीं निवास
प्रमाण पत्र प्राप्त करने और शपथ ग्रहण के पश्चात पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। सुरक्षा के मद्देनजर नवनिर्वाचित अध्यक्ष रेखा देवी को पुलिस वाहन से उनके निवास स्थान तक सकुशल पहुंचाया गया। चुनावी प्रक्रिया के दौरान सहायक रिटर्निंग अधिकारी रतनलाल बंशीवाल और डीएसपी देशराज कुलदीप के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता पूरी तरह मुस्तैद रहा।
- आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न
रेखा देवी की जीत की घोषणा होते ही कस्बे में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने 'भाजपा जिंदाबाद' के जोरदार नारे लगाए। आतिशबाजी करने के साथ ही ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ता नाचते-गाते नजर आए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

