तखतगढ़ नगर पालिका: भाजपा की जय श्री नामा बनीं अध्यक्ष, कांग्रेस प्रत्याशी को 3 मतों से हराया
तखतगढ़ (बरकत खान) तखतगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी जय श्री नामा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। कुल 25 वार्ड पार्षदों वाले निकाय में जय श्री नामा ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार सरोज मेवाड़ा को 3 मतों से पराजित कर पालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा जमाया।
- 14 मत हासिल कर दर्ज की जीत
निकाय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मतदान प्रक्रिया में कुल 25 पार्षदों ने हिस्सा लिया। इसमें भाजपा की जय श्री नामा को 14 मत हासिल हुए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी सरोज मेवाड़ा को 11 मतों से ही संतोष करना पड़ा। उल्लेखनीय है कि जय श्री नामा पालिका के वार्ड नंबर 20 से भाजपा पार्षद के रूप में चुनी गई थीं। तखतगढ़ नगर पालिका के इतिहास में यह पहला अवसर था जब अध्यक्ष पद सामान्य (महिला) श्रेणी के लिए आरक्षित किया गया था।
- प्रमाण पत्र मिलते ही आतिशबाजी, समर्थकों में खुशी
चुनाव परिणाम की आधिकारिक घोषणा के बाद रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी पूरण कुमार तथा जितेन्द्र बेबरवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष जय श्री नामा को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। जीत की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने ढोल-नगाड़ों एवं आतिशबाजी के साथ जीत का जश्न मनाया।
- 22 सितंबर को होगा उपाध्यक्ष पद का चुनाव
पालिका अध्यक्ष पद के निर्वाचन के बाद अब उपाध्यक्ष पद के लिए 22 सितंबर को प्रक्रिया शुरू होगी। निर्वाचन अधिकारी के अनुसार उपाध्यक्ष चुनाव की समय सारणी इस प्रकार रहेगी:
- नामांकन दाखिल करना: सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक
- नामांकन पत्रों की जांच: सुबह 11:30 बजे से
- नाम वापसी की अंतिम तिथि/समय: दोपहर 2:00 बजे तक
- मतदान (आवश्यक होने पर): दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक
- गणना एवं परिणाम: मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना कर 22 सितंबर को ही परिणाम जारी कर दिए जाएंगे।

