पंचायती चुनाव 2026: 23 सितंबर को खुलेगा आरक्षण का पिटारा, जिला परिषद से लेकर पंच-सरपंच तक तय होगी किस्मत
पंचायती राज चुनाव 2026: जिला परिषद, प्रधान और पंच-सरपंच पदों के लिए आरक्षण लॉटरी 23 व 24 सितंबर को
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 की आहट के साथ ही जिले में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिले में जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समिति प्रधान, पंचायत समिति सदस्यों तथा पंच-सरपंच पदों के लिए अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और महिलाओं के लिए श्रेणीवार आरक्षण एवं आवंटन की प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी पंचायत समिति प्रधान, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्यों के पदों का आरक्षण निर्धारण एवं आवंटन 23 सितम्बर 2026 को प्रातः 11:00 बजे जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
वहीं, दूसरे चरण में जिले की सभी पंचायतों के सरपंच एवं पंच पदों के लिए श्रेणीवार आरक्षण और सीटों का आवंटन 24 सितम्बर 2026 को प्रातः 11:00 बजे संबंधित उपखण्ड अधिकारी (SDM) मुख्यालयों पर किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन के अनुसार, आरक्षण की पूरी लॉटरी प्रक्रिया जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन की मौजूदगी में पूर्ण पारदर्शिता के साथ नियमानुसार संपन्न कराई जाएगी। लॉटरी की तारीखों के ऐलान के साथ ही संभावित दावेदारों और ग्रामीणों की नजरें अब 23 और 24 सितंबर के घटनाक्रम पर टिक गई हैं।

