गौरक्षक दल ने मालपुर में दो दिन से कुए में गिरे स्वान का रेस्क्यू कर बाहर निकाला
रामगढ़ (अलवर / राधेश्याम गेरा) कस्बा अलावड़ा के निकट गोविंदगढ़ उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत मालपुर में 80 फीट गहरे सूखे कुएं में गिरे एक श्वान को गौरक्षक दल ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बताया जा रहा है कि श्वान पिछले दो दिनों से कुएं में गिरा हुआ था। अत्यधिक गहराई होने के कारण किसी भी ग्रामीण की नीचे उतरने की हिम्मत नहीं हो रही थी। दो दिनों से भूखा-प्यासा श्वान कुएं के भीतर जिंदगी की जंग लड़ रहा था और रो-रोकर बेहाल हो चुका था।
जब ग्रामीणों ने इसकी सूचना रामगढ़ गौरक्षक दल को दी, तो टीम बिना किसी देरी के मौके पर पहुंची। गौरक्षक दल के एक सदस्य ने रस्सी के सहारे 80 फीट गहरे कुएं में उतरकर साहस का परिचय दिया। इसके बाद श्वान को सुरक्षित तरीके से रस्सी से बांधकर बाहर निकाला गया और फिर कुएं में उतरे साथी को भी ऊपर खींचकर रेस्क्यू अभियान पूरा किया गया। सुरक्षित बाहर आते ही श्वान को भोजन और पानी उपलब्ध कराया गया।
इस मानवीय कार्य और साहसिक रेस्क्यू अभियान में यतन दत्त, हेमंत शर्मा, प्रतीक शर्मा, दीपक, आकाश, मोहित खटीक, सूरज सैनी, कपिल शर्मा, पाजी, मनीष खत्री, गोपाल, लखन गुर्जर और हरीश वर्मा शामिल रहे। ग्रामीणों ने गौरक्षक दल के इस सराहनीय कदम की प्रशंसा की है।

