लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका उपाध्यक्ष चुनाव: शकुंतला 15 मतों से विजयी, शहर में निकला विजय जुलूस
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका में अध्यक्ष पद के चुनाव संपन्न होने के बाद मंगलवार को उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ। इस चुनाव में वार्ड संख्या 16 से भाजपा पार्षद शकुंतला और वार्ड संख्या 21 से भाजपा पार्षद भूपेंद्र सिंह के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला।
कुल 25 वार्डों वाली नगर पालिका परिषद में हुए मतदान के दौरान विभिन्न दलों व निर्दलीय पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना में शकुंतला को कुल 20 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी भूपेंद्र सिंह को महज 5 मतों से संतोष करना पड़ा। इस तरह शकुंतला ने 15 मतों के भारी अंतर से जीत दर्ज कर उपाध्यक्ष पद पर कब्जा किया।
परिणाम घोषित होते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। जीत की खुशी में नव-निर्वाचित उपाध्यक्ष का शहरभर में भव्य विजय जुलूस निकाला गया, जहां स्थानीय नागरिकों और समर्थकों ने जगह-जगह माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर उनका जोरदार स्वागत किया।

