तखतगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बाइक चोरी के आरोप में शातिर चोर गिरफ्तार, 3 वारदातें कबूलीं; सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से खुला राज
तखतगढ़ (पाली/ बरकत खान) तखतगढ़ पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए अनोपपुरा गांव से चोरी हुई बाइक का पर्दाफाश कर एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कुल 3 दोपहिया वाहन चोरी की वारदातें स्वीकार की हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बाली) किशोर सिंह चौहान एवं वृताधिकारी (सुमेरपुर) भवानी सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी शैतान सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
- यह था मामला
प्रार्थी मदनलाल मीणा (निवासी गिरवर, थाना गुड़ा एन्दला) ने थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अनोपपुरा गांव में एक शादी समारोह में अपनी मोटरसाइकिल (नंबर RJ 16 AC 3615) लेकर आया था। दिनदहाड़े अज्ञात चोर उसकी बाइक चुराकर ले गए। पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच एएसआई जसाराम को सौंपी।
- सीसीटीवी व तकनीकी इनपुट से दबोचा
गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आसूचना संकलन, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साधनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शातिर चोर उज्जवल मीणा को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार, आरोपी से चोरी के वाहनों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं और अन्य चोरी व नकबजनी की वारदातों के संबंध में गहन अनुसंधान जारी है।
सफल खुलासे में थानाधिकारी शैतान सिंह, एएसआई जसाराम, एएसआई घीसाराम, कांस्टेबल रमेश कुमार, श्रवण कुमार जाखड़, जगदीश कुमार, गोपाल सिंह और जनार्दन कुमार शामिल रहे।

