बड़ौदामेव में 24 घंटे में बदला सियासी पासा: अध्यक्ष पद जीतने वाली भाजपा उपाध्यक्ष चुनाव हारी, कांग्रेस की शबनम बनीं उपाध्यक्ष
बड़ौदामेव (अलवर) अमित खेड़ापती
बड़ौदामेव नगरपालिका में पालिकाध्यक्ष चुनाव के ठीक 24 घंटे बाद बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला। सोमवार को अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाने वाली भाजपा को मंगलवार को हुए उपाध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस के हाथों 3 मतों से पराजय झेलनी पड़ी है। कांग्रेस की प्रत्याशी शबनम ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी को हराकर उपाध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की।
नामांकन से मतदान तक बना रहा सस्पेंस
उपतहसील कार्यालय में सुबह 10:00 बजे उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। भाजपा की ओर से वार्ड नंबर 23 से निर्दलीय पार्षद इदरीश खान ने नामांकन दाखिल किया, वहीं कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर 19 से शबनम ने पर्चा भरा। दोपहर 2:00 बजे तक नाम वापसी का समय रखा गया था, लेकिन किसी भी प्रत्याशी द्वारा नाम वापस न लेने पर मुकाबला सीधा तय हो गया। इसके बाद दोपहर 2:30 से 3:20 बजे तक मतदान की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
परिणाम आते ही चौक गए सभी
अपराह्न 3:30 बजे रिटर्निंग अधिकारी द्वारा परिणाम घोषित किया गया। मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी शबनम को 14 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा समर्थित इदरीश खान को 11 मतों पर ही सब्र करना पड़ा। इस प्रकार कांग्रेस की शबनम 3 मतों से विजयी घोषित की गईं।
3 वोटों की सेंधमारी बनी चर्चा का विषय
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी को 13 मत मिले थे, जबकि कांग्रेस को 11 मत मिले थे। लेकिन महज 24 घंटे के भीतर पासा पूरी तरह पलट गया और भाजपा के खाते से 2 वोट खिसक कर कांग्रेस के पाले में चले गए, जिससे कांग्रेस का आंकड़ा 11 से बढ़कर 14 हो गया। इस अचानक हुए सियासी बदलाव और वोटों के हेर-फेर को लेकर पूरे कस्बे में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

