चेयरमैन के बाद उप चेयरमैन पद पर भी बजा भाजपा का डंका: 27 वोट हासिल कर परविंदर सिंह 'राजन' की एकतरफा जीत

Sep 22, 2026 - 21:43
 0
चेयरमैन के बाद उप चेयरमैन पद पर भी बजा भाजपा का डंका: 27 वोट हासिल कर परविंदर सिंह 'राजन' की एकतरफा जीत

रामगढ़ / अलवर (राधेश्याम गेरा)

​रामगढ़ नगरपालिका में सोमवार को अध्यक्ष चुनाव के बाद मंगलवार को उपाध्यक्ष (उप चेयरमैन) पद के लिए हुआ मुकाबला पूरी तरह एकतरफा रहा। वार्ड नंबर 25 से पार्षद परविंदर सिंह उर्फ राजन सिंह ने 19 मतों के भारी अंतर से शानदार जीत दर्ज करते हुए उप चेयरमैन पद पर अपना कब्जा जमाया।

दो प्रत्याशियों के बीच हुआ मुकाबला

उप चेयरमैन पद के लिए उपखंड अधिकारी (SDM) कार्यालय में नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। चुनाव में दो प्रत्याशियों—वार्ड नंबर 20 से भाजपा पार्षद राजकुमार यादव एवं वार्ड नंबर 25 से पार्षद परविंदर सिंह उर्फ राजन सिंह ने अपने-अपने नामांकन दाखिल किए। तय समय सीमा के भीतर केवल दो ही नामांकन प्राप्त होने पर निर्वाचन अधिकारी ने सीधा मुकाबला घोषित किया।

27 मतों के साथ राजन सिंह की एकतरफा जीत

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक मतदान कराया गया। इसके तुरंत बाद शुरू हुई मतगणना में परविंदर सिंह उर्फ राजन सिंह को कुल 27 मत मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी राजकुमार यादव को महज 8 मतों पर ही सब्र करना पड़ा। मतगणना के उपरांत राजन सिंह को 19 वोटों के बड़े अंतर से विजयी घोषित किया गया।

लगातार दूसरे दिन मिली बड़ी सफलता

उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पूर्व सोमवार को ही नगर पालिका चेयरमैन पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रेम मेघवाल ने 23 मत प्राप्त कर कांग्रेस प्रत्याशी गुरबक्स (11 मत) को 11 वोटों से हराकर चेयरमैन पद पर जीत हासिल की थी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम और जीत का जश्न

चुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एसडीएम कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। डीएसपी परमेश्वर यादव एवं थानाधिकारी अजीत सिंह बड़सरा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। परिणाम की घोषणा होते ही समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने आतिशबाजी कर और ढोल की थाप पर थिरकते हुए कस्बे में भव्य विजय जुलूस निकाला, जहां जगह-जगह नव-निर्वाचित उप चेयरमैन राजन सिंह का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................