कठूमर पंचायत समिति में ACB का बड़ा धमाका: बिल पास करने की एवज में रिश्वत लेते AEN और JEN रंगे हाथ गिरफ्तार
कठूमर / अलवर (दिनेश लेखी)
पंचायत समिति कठूमर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी भिवाड़ी चौकी की टीम ने कार्रवाई करते हुए सहायक अभियंता (AEN) शिवराम मीणा को 25 हजार रुपए और कनिष्ठ अभियंता (JEN) मिन्ना खान को 10 हजार रुपए की रिश्वत राशि के साथ दबोच लिया।
2.52 लाख के बिल भुगतान के बदले मांगी थी घूस
एसीबी अधिकारियों के अनुसार ग्राम पंचायत बड़ौदाकान में एफएसएसी योजना के तहत टेंडर के माध्यम से राजीव गांधी सेवा केंद्र ईटोला का मरम्मत कार्य कराया गया था। इस कार्य का करीब 2 लाख 52 हजार रुपए का बिल पंचायत समिति कठूमर में भुगतान के लिए लंबित था। बिल पास कराने के एवज में सहायक अभियंता शिवराम मीणा द्वारा 40 हजार रुपए तथा कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान द्वारा 15 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी।
सत्यापन के दौरान पहले भी ले चुके थे रिश्वत
परिवादी की शिकायत पर एसीबी चौकी भिवाड़ी द्वारा 18 सितंबर 2026 को शिकायत का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान सौदा तय हुआ, जिसमें सहायक अभियंता शिवराम ने 10 हजार रुपए अग्रिम ले लिए और शेष 25 हजार रुपए बिल पास होने पर लेने की सहमति जताई। इसी प्रकार कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान ने सत्यापन के दौरान 5 हजार रुपए ले लिए थे तथा शेष 10 हजार रुपए बाद में लेने पर बात बनी थी।
शेष राशि लेते ही एसीबी ने बिछाया जाल
मंगलवार को बकाया रिश्वत राशि देने के दौरान एसीबी भिवाड़ी की टीम ने कठूमर में जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को शेष राशि (AEN को 25 हजार व JEN को 10 हजार रुपए) लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई एसीबी उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में तथा भिवाड़ी चौकी प्रभारी व ट्रैप अधिकारी पुलिस निरीक्षक सुरजीत सिंह के नेतृत्व में अंजाम दी गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।

