लोकदेवता बाबा रामदेवजी के प्रति अटूट आस्था: खेड़ापा से ओसियां के लिए निकला तीसरा पदयात्री संघ, महिलाओं-बच्चों में दिखा गजब का उत्साह
खेड़ापा / बावड़ी (जोधपुर) — मिश्रीलाल लखारा
बावड़ी उपखंड क्षेत्र के खेड़ापा गांव में मंगलवार को लोकदेवता बाबा रामदेवजी के प्रति अटूट आस्था का अनूठा नजारा देखने को मिला। कस्बे के बाबा रामदेवजी मंदिर से श्रद्धालुओं का तीसरा विशाल पैदल यात्री संघ ओसियां तहसील स्थित पंडितजी की ढाणी के लिए ढोल और डीजे की भक्तिमय धुनों के साथ रवाना हुआ। यह पदयात्रा भक्तराज हरजी भाटी की पावन समाधि एवं बाबा रामदेवजी मंदिर के दर्शनों के लिए आयोजित की गई है।
अंबेडकर चौक से शुरू हुई यात्रा, ग्रामीणों ने किया स्वागत
पदयात्रा का शुभारंभ कस्बे के अंबेडकर चौक से हुआ। इसके बाद संघ सबसे पहले स्थानीय बाबा रामदेवजी मंदिर पहुंचा, जहां पदयात्रियों ने नारियल, धूप और अगरबत्ती अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की मनौती मांगी। तत्पश्चात 'जय बाबा री' और बाबा रामदेवजी के गगनभेदी जयकारों के साथ संघ अपने गंतव्य की ओर आगे बढ़ा। पूरे मार्ग में ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर और जल-सेवा देकर पदयात्रियों का उत्साहवर्धन किया।
भादवा माह में बना आस्था का प्रमुख केंद्र
पदयात्री भंवरलाल ने बताया कि भादवा (भाद्रपद) माह में पंडितजी की ढाणी श्रद्धालुओं की विशेष आस्था का केंद्र रहता है। यहां बाबा रामदेवजी के परम भक्त हरजी भाटी की ऐतिहासिक समाधि स्थित है, जहां प्रतिवर्ष दूर-दूर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन व मनौती मांगने पहुंचते हैं।
इस पैदल यात्री संघ में बुजुर्गों के साथ-साथ बच्चे, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में अपने हाथों में पचरंगी ध्वजा (नेजा) लेकर शामिल हुए। डीजे पर बजते भक्ति गीतों पर नाचते-गाते श्रद्धालु पूरी यात्रा के दौरान उत्साह और भक्ति से सराबोर नजर आए।

