कठूमर नगर पालिका बोर्ड पर कांग्रेस का पूर्ण कब्जा: 12 मतों के साथ जयप्रकाश(पिंकू) बने उपाध्यक्ष, समर्थकों में भारी उत्साह
कठूमर / अलवर (दिनेश लेखी)
नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत कठूमर नगरपालिका में मंगलवार को उपाध्यक्ष पद के लिए संपन्न हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश दीक्षित ने शानदार जीत हासिल की है। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भाजपा प्रत्याशी पिंकी कुमारी को 4 मतों के अंतर से पराजित कर उपाध्यक्ष पद पर अपना कब्जा जमा लिया।
20 में से मिले 12 मत
उपाध्यक्ष पद के लिए नगरपालिका सभागार में शांतिपूर्ण माहौल के बीच निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदान कराया गया। चुनाव में कुल 20 पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के उपरांत कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश दीक्षित को 12 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी पिंकी कुमारी के पक्ष में 8 मत पड़े। निर्वाचन अधिकारी श्याम सुन्दर चेतीवाल ने आधिकारिक परिणाम की घोषणा करते हुए जयप्रकाश दीक्षित को 4 मतों से विजयी घोषित किया।
कठूमर बोर्ड पर कांग्रेस का पूर्ण नेतृत्व
उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व सोमवार को हुए पालिकाध्यक्ष चुनाव में भी कांग्रेस की सोरनदेई अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं। अब उपाध्यक्ष पद पर भी कांग्रेस प्रत्याशी की जीत से पालिका बोर्ड में कांग्रेस का नेतृत्व और अधिक मजबूत हो गया है।
परिणाम सामने आते ही नगरपालिका परिसर के बाहर एकत्र समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया एवं एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। नव-निर्वाचित उपाध्यक्ष जयप्रकाश दीक्षित ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और आमजन के मुद्दों को प्राथमिकता से हल किया जाएगा।

