लक्ष्मणगढ़ बालिका विद्यालय में शिक्षा सुरक्षा अधिकार एवं सशक्तिकरण को लेकर दी जानकारी
लक्ष्मणगढ़ (कमलेश जैन) मीना-राजू मंच दिवस के अवसर पर गुरुवार को पीएम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लक्ष्मणगढ़ में बालिका शिक्षा, सुरक्षा, अधिकार एवं सशक्तिकरण को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भाषण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से बालिका शिक्षा, समानता, बाल अधिकार एवं सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर अतिथियों एवं विद्यालय स्टाफ ने विद्यार्थियों को मीना-राजू मंच के उद्देश्यों तथा बालिकाओं के सर्वांगीण विकास में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी। वक्ताओं ने बालिकाओं को शिक्षा के समान अवसर देने तथा उन्हें अपने अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक जागरूकता विकसित करना रहा। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नेतराम यादव, रामदुलारी एवं दौलतराम उपस्थित रहे। शिव शिक्षा समिति राणोली के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर देवेंद्र कुमार मेहरा एवं सीताराम ने भी कार्यक्रम में भागीदारी निभाई।

