'जय श्री श्याम' के जयकारों से गूँजा महुवा: चतुर्थ विशाल निशान पदयात्रा हलेना धाम के लिए रवाना, उमड़ा आस्था का सैलाब
महुवा / अवधेश अवस्थी |: महुवा नगर पालिका क्षेत्र में शुक्रवार को भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। श्री श्याम मित्र मंडल सब्जी मंडी महुवा के तत्वावधान में महुवा से श्री खाटू श्याम जी मंदिर हलेना धाम के लिए चतुर्थ विशाल निशान पदयात्रा का भव्य आयोजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष विनीत बंसल की मौजूदगी में हजारों श्रद्धालुओं ने हाथों में श्याम बाबा के निशान और ध्वज लेकर हलेना धाम की ओर कदम बढ़ाए।
पदयात्रा का शुभारंभ पुरानी तहसील स्थित श्री गिरिराज जी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुआ। जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ी, रास्ते भर श्रद्धालुओं का कारवां जुड़ता गया और महुवा से लेकर हलेना तक का पूरा मार्ग ‘जय श्री श्याम’ और ‘हारे के सहारे की जय’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
मात्र 1 रुपये शुल्क और जगह-जगह भव्य स्वागत आयोजकों ने बताया कि इस धार्मिक यात्रा में सहभागिता के लिए श्रद्धालुओं के लिए प्रतीकात्मक शुल्क मात्र 1 रुपये रखा गया था। यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों व भामाशाहों द्वारा पदयात्रियों के लिए जलपान, नाश्ता, फल एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए। कई स्थानों पर श्याम भजनों की स्वर लहरियों पर श्रद्धालु झूमते-नाचते नजर आए। वहीं, श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से भक्तों को बाबा श्याम की तस्वीर भेंट कर उनका स्वागत व अभिनंदन किया गया।
हलेना धाम पर दर्शन और महाप्रसादी पदयात्रा के हलेना स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर पहुँचने पर श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन कर देश व क्षेत्र में खुशहाली की मन्नत मांगी। इसके पश्चात श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण की। आयोजकों के अनुसार इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देना है।

