मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने किया उदयपुरवाटी ब्लॉक के स्कूलों का निरीक्षण: विजेता हॉकी टीमों को किया सम्मानित, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारियों का लिया जायजा
उदयपुरवाटी (झुंझुनूं) / सुमेर सिंह राव।
झुंझुनूं के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (CDEO) ने उदयपुरवाटी ब्लॉक के विभिन्न राजकीय विद्यालयों का दौरा कर शैक्षणिक व सह-शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा आगामी राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारियों का अवलोकन किया।
हॉकी प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान, खेल भावना पर बल
निरीक्षण की शुरुआत में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, गुड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने जिला स्तरीय हॉकी खेल प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व प्रमाण-पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने अनुशासन, टीम भावना और निरंतर अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला तथा कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के साथ-साथ खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
जहाज व मावता स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण
इसके पश्चात उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जहाज एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मावता का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नामांकन, विद्यार्थियों का ठहराव, शाला संबलन, मध्याह्न भोजन (MDM), निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण तथा मुख्यमंत्री शिक्षा अलंकरण योजना की समीक्षा की गई। उन्होंने शिक्षकों के साथ बैठक कर एफएलएन (FLN) कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधार तथा शाला दर्पण पोर्टल पर समयबद्ध प्रविष्टियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता की तैयारियों की समीक्षा
दौरे के अंतिम चरण में अधिकारी ने उदयपुरवाटी स्थित श्रीमती मोहरी बाई श्याम शेखावाटी विद्यालय का दौरा किया, जहां 28 सितंबर से आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने खिलाड़ियों के आवास, भोजन, सुरक्षा व चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लेते हुए आयोजकों को पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी महेन्द्र कुमार सैनी, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार रामूका, प्रधानाचार्य विशाल गुप्ता, डॉ. सरदार सिंह रेवाड़ सहित अनेक अधिकारी व शिक्षक मौजूद रहे।

