संगीतमय श्री राम कथा ज्ञान यज्ञ सत्संग महोत्सव का आयोजन शुरू :कथावाचक बोले 'राम कथा के श्रवण मात्र से कट जाते हैं सारे पाप'
उदयपुरवाटी (झुंझुनूं) / सुमेर सिंह राव।
कस्बे में गोपीनाथ जी मंदिर के पास स्थित राजपूत समाज संस्था भवन में शनिवार से नौ दिवसीय 'संगीतमय श्री राम कथा ज्ञान यज्ञ सत्संग महोत्सव' का अत्यंत गरिमामय और भक्तिमय माहौल में भव्य आगाज हुआ। पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ कथा स्थल पर उमड़ी।
कथा के श्रवण से ही होता है पापों का नाश: हृदयानंद महाराज
प्रयागराज से पधारे सुप्रसिद्ध कथावाचक हृदयानंद महाराज ने व्यासपीठ से कथा का रसपान कराते हुए श्रीराम कथा के महात्म्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मानव जीवन में संगीतमय श्री राम कथा का श्रवण करने मात्र से ही समस्त पापों का नाश होता है और मन को असीम शांति की प्राप्ति होती है। प्रभु राम का चरित्र जीवन में संयम, धर्म और मर्यादा का संदेश देता है।
4 अक्टूबर तक रोजाना शाम को होगी कथा
आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार से शुरू हुआ यह धार्मिक अनुष्ठान 4 अक्टूबर (रविवार) तक आयोजित किया जाएगा। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर बाद 3:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक रहेगा।
हवन व पूर्णाहुति के साथ होगा समापन
महोत्सव के अंतिम दिन 4 अक्टूबर को प्रातः 10:15 बजे से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन एवं भव्य पूर्णाहुति का कार्यक्रम संपन्न होगा, जिसके पश्चात विशाल भंडारे में महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। प्रथम दिन कथा के दौरान कस्बे के अनेक गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्ध जनों तथा मातृशक्ति ने उपस्थित होकर संगीतमय भजनों एवं कथा का धर्मलाभ उठाया।

