उदयपुरवाटी में 'विकसित भारत' चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन: पोस्टरों में चमकी विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और देशप्रेम
उदयपुरवाटी (झुंझुनूं) / सुमेर सिंह राव।
कस्बे में स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में भारत सरकार के "मेरे सपनों का भारत - विकसित भारत" कार्यक्रम के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBOE), उदयपुरवाटी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शनी में विगत दिनों ब्लॉक के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं में से चयनित सर्वश्रेष्ठ पोस्टरों का प्रदर्शन किया गया।
रंगों और कल्पना के माध्यम से उकेरा 'विकसित भारत @2047'
प्रदर्शनी में ब्लॉक भर के विद्यालयों से प्राप्त आकर्षक एवं भावपूर्ण पोस्टरों को लगाया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और कैनवास पर रंगों के माध्यम से विकसित भारत @2047, स्वच्छ भारत अभियान, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं वैज्ञानिक सोच जैसे राष्ट्रीय महत्व के ज्वलंत विषयों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।
सौ से अधिक बालिकाओं व अधिकारियों ने किया अवलोकन
आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन विद्यालय की सैकड़ों बालिकाओं, स्टाफ सदस्यों, ब्लॉक साक्षरता समन्वयक हवा सिंह तथा विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए साक्षरता प्रभारियों ने किया। सभी अतिथियों एवं आगंतुकों ने विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल की मुक्तकंठ से सराहना की। प्रदर्शनी के कुशल आयोजन एवं चित्रों के भाव समझाने में व्याख्याता बर्मा, बहादुर मल, मनोज कुमार, दिनेश कुमार सैनी तथा अध्यापक राम गुर्जर का विशेष योगदान रहा।
सपना देखेंगे, तभी होगा साकार: प्रधानाचार्या
विद्यालय की प्रधानाचार्या रतन सैनी ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, मौलिक सोच और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा, "जब हमारे विद्यार्थी विकसित भारत का सपना देखेंगे, तभी आने वाले समय में वह सपना धरातल पर साकार हो सकेगा।" उपस्थित सभी गणमान्य लोगों ने इस पहल को प्रेरणादायी बताते हुए आयोजकों की सराहना की।

