पलेई में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम: स्वास्थ्य और स्वच्छता अपनाकर ही पा सकते हैं निरोगी काया - विधायक रामसहाय वर्मा
निवाई (विष्णु मित्तल)। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में टोंक जिले के उपखंड निवाई के पलेई गांव में सामूहिक ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक रामसहाय वर्मा मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता निवाई सीडीपीओ संगीता दीपक ने की।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रामसहाय वर्मा ने कहा कि निरोगी जीवन जीने के लिए हर नागरिक को स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना होगा। जहां स्वच्छता और स्वच्छ पर्यावरण होता है, वहीं के लोग स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा महिला, किशोरी और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए पूरे प्रदेश में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाई जा रही है।
सीडीपीओ संगीता दीपक ने कहा कि जिस परिवार और देश की महिलाएं स्वस्थ होंगी, वहां हमेशा खुशहाली रहेगी। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।
महिला सुपरवाइजर गंगा मीणा ने बताया कि पलेई प्रथम एवं द्वितीय केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में गर्भवती, धात्री महिलाओं, किशोरियों और 0 से 6 वर्ष के बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी सादगी से निभाई गई।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ता सीमा पारीक और सीमा शर्मा ने केंद्रों की गतिविधियों की जानकारी दी और ग्रामीणों को स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए पौधों का वितरण किया।
- निजी सहभागिता से संवर रहे केंद्र
कार्यक्रम में बताया गया कि 'समृद्ध ग्राम्य अभियान' के निदेशक सीताराम गुप्ता की प्रेरणा से 'श्री कृष्णा सुदर्शन ऊर्जा कंपनी' के चेयरमैन अजय सांघी एवं उनके परिवार द्वारा ग्रामीण अंचल के आंगनबाड़ी केंद्रों का चहुंमुखी विकास कराया जा रहा है। इसके तहत पलेई के दोनों केंद्रों का जीर्णोद्धार कराने के साथ-साथ बच्चों के लिए खेलकूद व शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई है।

