28 सितंबर को गिरदावर सर्किल मुख्यालयों पर लगेंगे जनसेवा शिविर
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) विकसित भारत जन सेवा अभियान-2026 के तहत आमजन को विभिन्न राजकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 28 सितंबर को जिले के विभिन्न उपखंड क्षेत्रों में गिरदावर सर्किल मुख्यालयों पर जनसेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिला कलक्टर कमर चौधरी ने बताया कि उपखंड भरतपुर क्षेत्र में अघापुर, बहनेरा, महुआ, बझेरा एवं पीपला में शिविर आयोजित होंगे। इसी प्रकार नदबई क्षेत्र में भदीरा, नदबई, कटारा एवं कबई, भुसावर क्षेत्र में भुसावर, पथैना एवं अलीपुर तथा वैर क्षेत्र में समराया, जगजीवनपुर एवं वैर में शिविर आयोजित होंगे। बयाना उपखंड में कस्बा बयाना, नाबली, खोहरा, कलसाड़ा एवं खरैरी, रूपवास में खांनुआ एवं दहिनागांव तथा उच्चैन क्षेत्र में अंधियारी एवं उच्चैन में प्रातः 9.30 बजे से सांय 6 बजे तक जनसेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शिविरों में आमजन को विभिन्न राजकीय सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ पात्र लोगों के आवेदन एवं समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निस्तारण किया जाएगा। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के निर्धारित शिविर में पहुंचकर उपलब्ध राजकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उठाएं।

