विकसित भारत-जन सेवा अभियान: गोविंदगढ़ में लगा विशेष शिविर, मौके पर ही हुआ जनसमस्याओं का समाधान
गोविंदगढ़, (अलवर) 'विकसित भारत-जन सेवा अभियान' के अंतर्गत रविवार को गोविंदगढ़ पंचायत समिति परिसर स्थित गिरदावर सर्किल मुख्यालय पर एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। उपखण्ड अधिकारी (SDM) अभिषेक चारण के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को प्रशासनिक सेवाओं का लाभ दिलाना और उनकी समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।
22 विभागों की सहभागिता, सुबह से ही जुटी भीड़
शिविर प्रभारी एवं नायब तहसीलदार भगवान दास मीना ने बताया कि सुबह 9:30 बजे से प्रारंभ हुआ यह शिविर शाम 6:00 बजे तक (अथवा कार्य समाप्ति तक) संचालित किया जा रहा है। इसमें रामबास, गोविंदगढ़, मालपुर और नसवारी गिरदावर सर्किल के आमजन के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीणों को एक ही स्थान पर राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शिविर में कुल 22 प्रमुख विभागों के कार्यों को शामिल किया गया।
ऑन-द-स्पॉट निस्तारण से ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का अधिकारियों द्वारा मौके पर ही निस्तारण किया गया। गोविंदगढ़-रामबास क्षेत्र के आंकड़े साझा करते हुए नायब तहसीलदार ने बताया कि आज के शिविर में:
- 10 किसानों का 'फार्मर रजिस्ट्रेशन' किया गया।
- 9 आवेदकों के 'जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र' जारी किए गए।
- 8 मामलों में 'इंतकाल' दर्ज किए गए।
- 2 मामलों में राजस्व रिकॉर्ड का 'शुद्धीकरण' किया गया।
- प्रशासन की इस त्वरित कार्यप्रणाली से दूर-दराज से आए ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिली, जिससे ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया।

