दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर: आगे चल रहे ट्रक में पीछे से घुसी कार, दो युवक गंभीर
बड़ौदामेव (अलवर): दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 112+500 चैनल के समीप गुजर खोहर्रा क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। दिल्ली से जयपुर की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस भीषण टक्कर में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जयपुर के रहने वाले हैं दोनों घायल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए दोनों युवक जयपुर के झोटवाड़ा क्षेत्र के निवासी हैं। घायलों की पहचान अरविंद (37) पुत्र रामस्वरूप और श्याम सुंदर (29) पुत्र कमल सिंह के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्राथमिक उपचार के बाद अलवर रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई (NHAI) की एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बड़ौदामेव पहुंचाया। CHC के ड्यूटी इंचार्ज ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल, अलवर रेफर कर दिया है।

