ग्राम पंचायत चुनाव का बिगुल बजते ही राजगढ़ में बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी, भाजपा कार्यकर्ताओं ने पेश की टिकट दावेदारी
राजगढ़ (अलवर) / अनिल कुमार गुप्ता
ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत चुनाव का बिगुल बजते ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव में टिकट के लिए दावेदारी करने वाले संभावित प्रत्याशियों ने अपने-अपने स्तर पर जोड़-तोड़ और जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है।
इसी कड़ी में, राजगढ़ क्षेत्र के ढिगावड़ा गांव स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से टिकट की मांग कर रहे संभावित प्रत्याशियों ने पंचायत समिति सदस्य प्रवासी प्रभारी अभिराम दीक्षित, मंडल प्रभारी मुन्नालाल शर्मा और बन्ना राम मीणा को अपना बायोडाटा सौंपकर अपनी दावेदारी पेश की।
सर्वे के आधार पर होगा टिकट वितरण
संभावित प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ बड़ी संख्या में बैठक में पहुंचे। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों ने सभी कार्यकर्ताओं और दावेदारों की बातों को बेहद धैर्यपूर्वक सुना। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पार्टी में टिकट का वितरण पूरी तरह से पार्टी स्तर पर कराए जाने वाले सर्वे के आधार पर किया जाएगा। सर्वे में जिस प्रत्याशी की जीतने की संभावना सबसे अधिक होगी, पार्टी उसी को अपना उम्मीदवार बनाएगी। सर्वे प्रक्रिया पूरी होने के बाद संभावित प्रत्याशियों का एक पैनल तैयार कर उच्च स्तर (अलवर) पर भेजा जाएगा।
टिकट की दावेदारी को लेकर संभावित प्रत्याशियों में जहाँ भारी उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां भी काफी तेज हो गई हैं।

