रूपबास में उपजिला चिकित्सालय की भूमि आवंटन के विरोध में दसवें दिन भी धरना जारी; एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
रूपबास (भरतपुर/ कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)): रूपबास शहर में सरकार द्वारा स्वीकृत उपजिला चिकित्सालय के लिए ग्राम पंचायत चौकोरा के ग्राम देवियां में भूमि आवंटन किए जाने के विरोध में क्षेत्र की जनता का धरना मंगलवार को दसवें दिन भी जारी रहा। उपखंड कार्यालय के समक्ष चल रहे इस धरने के दौरान मुख्यमंत्री, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री (राजस्थान सरकार) और क्षेत्रीय विधायक डॉ. रितु बनावत के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
- जनता और वक्ताओं के तीखे तेवर
ग्राम पंचायत मिल्सवा के पूर्व सरपंच राजेंद्र सिंह सिकरवार के मुख्य आतिथ्य और अखिल राजस्थान जन विकास मंच के प्रदेश अध्यक्ष हरिशंकर शर्मा की अध्यक्षता में यह धरना संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के संयोजक व पार्षद धीरज शुक्ला एडवोकेट ने कहा कि सरकार द्वारा उपजिला चिकित्सालय स्वीकृत होने पर जनता ने आभार जताया था, लेकिन आवंटित भूमि शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर, सुनसान स्थान और कचरा संयंत्र के पास होने के कारण मरीजों और आमजन के लिए आवागमन के कोई साधन उपलब्ध नहीं हैं। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ जनप्रतिनिधियों के स्वार्थ के चलते जनता के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने पूर्व में बने कॉलेज का उदाहरण देते हुए कहा कि शहर से दूर होने के कारण वहां विद्यार्थियों का आवागमन नहीं होता, वैसी ही स्थिति अस्पताल की भी हो जाएगी।
- वर्तमान चिकित्सालय परिसर में निर्माण की मांग
ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष पंडित ओमप्रकाश शास्त्री ने मांग उठाई कि उपजिला चिकित्सालय का निर्माण शहर के वर्तमान चिकित्सालय परिसर में ही किया जाए, क्योंकि वहां पर्याप्त भूमि उपलब्ध है और शिक्षा विभाग द्वारा इसके लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) भी जारी किया जा चुका है। मंच के प्रदेश अध्यक्ष हरिशंकर शर्मा ने चेतावनी दी कि सरकार तत्काल इस भूमि आवंटन को निरस्त कर उपखंड मुख्यालय पर ही चिकित्सालय का निर्माण करवाए, अन्यथा जनता उग्र आंदोलन के लिए विवश होगी।
- ज्ञापन और प्रशासन का आश्वासन
धरने के पश्चात हरिशंकर शर्मा, पार्षद धीरज शुक्ला, एडवोकेट ऋषभ कटारा, सहसंयोजक अरुण परमार और पंच सत्यवीर सिंह किरार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले में शीघ्र ही सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
इस दौरान रमेश कोली, चोब सिंह जाटव, रामवीर सिंह परमार, प्रमोद शर्मा, योगेश वरुण, राजेंद्र सिंह नेताजी, जीवन सिंह, जवाहर सिंह कुशवाह, रामभरोसी खितौलिया, मुकेश बंसल, लाखन सिंह योगी, मनीष सिंघल, कृष्ण गोपाल दत्तात्रेय (बंटी) और प्रताप सिंह किरार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

