निर्माणाधीन 132 केवी ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) का किया औचक निरीक्षण
बयाना (शशिकांत शर्मा) बयाना उपखंड क्षेत्र में शनिवार सुबह निर्दलीय विधायक डॉ. ऋतु बनावत ने गांव सूपा स्थित निर्माणाधीन 132 केवी ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण की धीमी गति पर असंतोष जताया। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार से सख्त लहजे में कहा कि हर बार “जल्द काम पूरा होगा” का भरोसा दिया जाता है, लेकिन अब तक कार्य में कोई खास प्रगति नहीं हुई है। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में काम पूरा नहीं हुआ तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। विधायक ने कहा कि किसानों को सर्दी के मौसम में रात के ब्लॉक में फसल सिंचाई करने में कठिनाई होती है, इसलिए दिन के समय थ्री फेज बिजली की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिकारियों या ठेकेदारों की लापरवाही का खामियाजा किसानों को नहीं भुगतने दिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान डॉ. बनावत ने मौके से ही डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता (एसई) को फोन कर कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इस पर अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि अगले 20 दिनों में जीएसएस का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। विधायक डॉ. ऋतु बनावत ने कहा कि यह जीएसएस परियोजना क्षेत्र के किसानों और आम उपभोक्ताओं दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए अब किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।