अलवर के डॉ. जुबेर खान बने भारतीय टीम के मुख्य कोच, गोवा में होगी वर्ल्ड चैंपियनशिप
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/ कमलेश जैन) खेल जगत में अलवर जिले ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराया है। जिले के लक्ष्मणगढ़ तहसील अंतर्गत गांव खरसनकी निवासी और दिग्गज खिलाड़ी डॉ. जुबेर खान को गोवा में आयोजित होने वाली आगामी वर्ल्ड थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में हर्ष का माहौल है।
डॉ. जुबेर खान थाई बॉक्सिंग खेल के एक प्रतिष्ठित नाम हैं। वे खुद रिंग में दो बार एशियन चैंपियन और एक बार वर्ल्ड चैंपियन रह चुके हैं। खिलाड़ी के रूप में देश का मान बढ़ाने के बाद, कोचिंग में भी उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। इससे पूर्व जब उन्हें एशियन चैंपियनशिप में भारतीय टीम का मुख्य कोच बनाया गया था, तब उनके मार्गदर्शन में भारतीय टीम 'एशिया चैंपियन' बनकर उभरी थी।
डॉ. जुबेर खान केवल कोचिंग और खेल ही नहीं, बल्कि खेलकूद एवं युवा मामलों में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक जाना-पहचाना चेहरा हैं। वे भारत सहित नेपाल, भूटान, श्रीलंका, चीन और ईरान जैसे कई देशों में विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
गोवा में होने वाली इस वर्ल्ड चैंपियनशिप में खेल प्रेमियों को पूरी उम्मीद है कि डॉ. जुबेर खान के कुशल मार्गदर्शन और रणनीतियों के दम पर भारतीय थाई बॉक्सिंग टीम एक बार फिर विश्व पटल पर स्वर्ण अक्षरों में देश का नाम दर्ज कराएगी।

