खेत से लौटते समय कुएं में गिरने से युवक की मौत

राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र अंतर्गत टहटडॉ गांव में एक युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नीरज कुमार बैरवा पुत्र राजाराम बैरवा निवासी टहटडॉ के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार नीरज खेत में काम कर वापस घर लौट रहा था। तभी रास्ते में कुएं के पास दो आंवारा पशु आपस में लड़ रहे थे। इन पशुओं के बीच से बचने के प्रयास में नीरज हड़बड़ाहट में एक दिशा में दौड़ा और संतुलन बिगड़ने से कुएं में गिर गया।
हादसे के समय पास के खेत में काम कर रही एक महिला ने घटना को देखा और शोर मचाया। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और नीरज को बाहर निकाला। घायल अवस्था में पहले उसे रैणी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान नीरज ने दम तोड़ दिया।
नीरज पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसने पढ़ाई छोड़कर पेंटिंग का कार्य शुरू कर दिया था और अपने पिता के साथ रंग-रोगन का काम करता था। वह अविवाहित था।






