खैरथल से पार्षद मेघा भारती ने दिया इस्तीफाः चिकित्सा अधिकारी के लिए चयन होने पर लिया निर्णय, बोलीं- अब स्वास्थ्य सेवा से करूंगी
खैरथल (हीरालाल भूरानी) नगर परिषद खैरथल की वार्ड संख्या 31 से निर्वाचित पार्षद मेघा भारती ने शुक्रवार देर शाम अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने बताया कि हाल ही में उनका चयन राजस्थान सरकार की चिकित्सा अधिकारी भर्ती परीक्षा 2024 के तहत हुआ है, और अब वे स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से समाज की सेवा करना चाहती हैं।
अपने त्यागपत्र में मेघा भारती ने लिखा कि पार्षद पद पर रहते हुए उन्होंने पूरी निष्ठा से वार्ड की सेवा की, लेकिन अब उनका उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र में आमजन के स्वास्थ्य और जीवन को बेहतर बनाना है। उन्होंने अपना इस्तीफा एडीएम शिवपाल जाट और आयुक्त मुकेश शर्मा को सौंपते हुए निवेदन किया कि उसे स्वीकार कर औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।
इस्तीफे के बाद एडीएम व आयुक्त ने मेघा भारती को मुंह मीठा कराकर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्थानीय राजनीतिक हलकों में उनके इस निर्णय को समाज सेवा के प्रति गहरी निष्ठा और जिम्मेदारी की मिसाल बताया जा रहा है।

