एक साल बाद सोयला-ओसियां मार्ग पर शुरू हुआ डामरीकरण, गड्ढों व धूल से मिलेगी राहतधनारी, खुडाला, लूणावास व सोयला सहित कई गांवों का आवागमन होगा सुगम
बावड़ी/जोधपुर (मिश्रीलाल लखारा)। बावड़ी के सोयला से ओसियां के बीच धनारी, खुडाला, लूणावास व सोयला सहित आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाले सड़क मार्ग पर आखिरकार लंबे इंतजार के बाद डामरीकरण का कार्य शुरू हो गया है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा और सफर करने में लगने वाले समय में भी कमी आएगी।
एक साल से अधूरा था कार्य, गड्ढों व धूल से थे परेशान उल्लेखनीय है कि सोयला-ओसियां सड़क मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का काम लंबे समय से अधूरा पड़ा था। करीब एक साल पहले सड़क पर पत्थर व गिट्टी की कुटाई होने के बाद निर्माण कार्य बीच में ही रुक गया था, जिससे ग्रामीण डामरीकरण होने की बाट जोह रहे थे। काम अधूरा रहने से मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए थे और वाहनों के गुजरने से धूल-मिट्टी के गुबार उड़ते थे। इसका खामियाजा आसपास के रहवासी परिवारों, निजी स्कूलों और वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा था। बरसात के मौसम में कीचड़ और फिसलन बढ़ने से हालात और खराब हो जाते थे, वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों को भी आने-जाने में भारी परेशानी होती थी।
आसपास के कई गांवों के लिए जीवनरेखा है यह मार्ग सड़क पर डामरीकरण का कार्य शुरू होने से अब धूल-मिट्टी, गड्ढों और कीचड़ की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सोयला-ओसियां सड़क मार्ग आसपास के कई गांवों के लिए जीवनरेखा है, जिससे रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। डामरीकरण पूरा होने से अब सफर आसान और सुरक्षित होने के साथ-साथ लोगों के समय की भी बचत होगी।

