राजस्थान ग्रामीण बैंक शाखा चाणोद की पहल: बीमा क्लेम प्रक्रिया पूरी कर नामिनी को दिया चेक, ग्रामीणों को किया जागरूक
चाणोद / बरकत खां। गांव चाणोद में राजस्थान ग्रामीण बैंक की शाखा चाणोद एवं क्रिसिल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत बीमा क्लेम की राशि नामिनी को प्रदान की गई।
जानकारी के अनुसार, गांव चाणोद निवासी ग्राहक कानाराम पुत्र भोमाराम ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमा करवा रखा था। कुछ समय पूर्व उनके घर पर स्वाभाविक निधन हो जाने के बाद परिजनों द्वारा आवश्यक दस्तावेज बैंक में जमा कराए गए और बीमा क्लेम की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की गई।
इसके बाद राजस्थान ग्रामीण बैंक, चाणोद के शाखा प्रबंधक राजीव कुमार यादव, असिस्टेंट मैनेजर वेद प्रकाश, कार्यालय सहायक शिवम व अंकिता कुमारी, ऑफिस बॉय राजू देवासी, ग्रामीण मांगी लाल, बैंक बीसी राजाराम चौधरी और क्रिसिल फाउंडेशन के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर मदन मेघवाल के सहयोग से ₹2 लाख की बीमा राशि नामिनी गवरी (पत्नी भोमाराम) को सुपुर्द की गई।
इस अवसर पर बैंक व फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने और उनका अधिक से अधिक लाभ लेने के प्रति जागरूक किया।

