ततारपुर पंचायत समिति को मिली पहली महिला प्रधान, दिव्या सोमदत्त बनीं नवनिर्वाचित प्रधान
ततारपुर/मुंडावर (देवराज मीणा)। ततारपुर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव में दिव्या सोमदत्त नवनिर्वाचित प्रधान बनीं। उनके निर्वाचित होने के साथ ही ततारपुर पंचायत समिति को पहली बार प्रधान के रूप में महिला नेतृत्व मिला है। चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और लोगों ने नवनिर्वाचित प्रधान को बधाई व शुभकामनाएं दीं।
प्रधान पद के चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस व प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मतदान स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और पुलिस के जवान पूरे जाब्ते के साथ अलर्ट रहे।
चुनाव व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए एसडीएम जय सिंह और तहसीलदार सुमित भारद्वाज मौजूद रहे। वहीं, ततारपुर थाना अधिकारी महावीर सिंह भी पुलिस जाब्ते के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए अलर्ट रहे।
इसके अलावा मुंडावर थाना अधिकारी मोहर सिंह मीणा पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे, जबकि डीएसपी रामनिवास मीणा ने भी चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।
पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की सतर्कता के चलते प्रधान पद का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। दिव्या सोमदत्त के नवनिर्वाचित प्रधान बनने पर समर्थकों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

