रैणी-डेरा मार्ग पर दर्दनाक हादसा: घर के बाहर खेल रहे 2 वर्षीय मासूम को पानी के टैंकर ने कुचला, मौत
राजगढ़ (अलवर) अनिल कुमार गुप्ता। रैणी-डेरा सड़क मार्ग पर एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्षीय मासूम बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और गांव में कोहराम मच गया, वहीं हादसे के आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव डेरा निवासी लोकेश सैनी का दो वर्षीय पुत्र गौरव सैनी घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान रैणी-डेरा मार्ग से गुजर रहे पानी के एक ट्रैक्टर-टैंकर ने मासूम को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि बालक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक पानी के ट्रैक्टर-टैंकर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही रैणी पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर रैणी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। फिलहाल पुलिस ने वाहन को जब्त करने की प्रक्रिया के साथ फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।

