उदयपुरवाटी में 27 को बाबा श्याम का 19वां वार्षिक उत्सव: भजन संध्या में गूंजेंगे भजन, 28 को निकलेगी शोभायात्रा
उदयपुरवाटी / सुमेर सिंह राव। कस्बे के वार्ड नंबर 27 में स्थित श्री नीलकंठ महादेव, श्री हनुमान जी महाराज व श्री श्याम बाबा मंदिर का 19वां वार्षिक उत्सव 27 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर रात्रि में सुप्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भजनों की रसगंगा प्रवाहित की जाएगी।
आयोजक स्वर्गीय बैजनाथ शाह परिवार के संतोष शाह, अशोक शाह, मनोज शाह व सुशीला शाह ने बताया कि 27 नवंबर को रात्रि 9 बजे से मंदिर परिसर में विशाल भजन संध्या आयोजित होगी। इसमें रेनू चौधरी (दिल्ली), रितिक जैन (आगरा), पुष्प लता (कोलकाता) और मंटू सोनी भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। भजन संध्या को लेकर बंगाल के कारीगरों द्वारा मंदिर परिसर को आकर्षक लाइटिंग डेकोरेशन और बंगाली फूलों से सजाया गया है। साथ ही प्रतीक तिलकधारी ग्रुप द्वारा मनमोहक झांकियां और नृत्य की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
अशोक शाह व मनोज शाह के अनुसार, 28 नवंबर को प्रातः 10 बजे मंदिर से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो कस्बे के मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगी। शोभायात्रा में सुंदर व नैनाभिराम झांकियां सजाई जाएंगी। इसी दिन (28 नवंबर को) विशाल भंडारे का भी आयोजन होगा, जिसमें दूर-दराज से पहुंचने वाले श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।

