लोहार्गल धाम में आस्था का सैलाब: वेंकटेश बालाजी सरकार का हुआ अलौकिक फूलों से श्रृंगार, छप्पन भोग के साथ मनाई गई देव दीपावली
अलौकिक फूलों से किया गया भगवान वेंकटेश सरकार का श्रृंगार, पीठाधीश्वर अश्विनी आचार्य महाराज ने बताया देव दीपावली का पौराणिक महत्व
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)। निकटवर्ती प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थ स्थल लोहार्गल धाम स्थित वेंकटेश बालाजी मठ परिसर में सोमवार को अन्नकूट महोत्सव एवं देव दीपावली का पर्व बड़ी धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर भगवान वेंकटेश बालाजी सरकार का अलौकिक फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया तथा उन्हें छप्पन भोग अर्पित किए गए।
हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, ग्रहण की प्रसादी प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मठ परिसर में आयोजित अन्नकूट महोत्सव में शामिल होने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों की तादाद में श्रद्धालु लोहार्गल धाम पहुंचे। भक्तों ने भगवान वेंकटेश सरकार के मनमोहक श्रृंगार के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की और दीप प्रज्वलित कर देव दीपावली मनाई। दर्शनों के पश्चात आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर अन्नकूट प्रसादी ग्रहण की।
पीठाधीश्वर ने बताया देव दीपावली का पौराणिक महत्व वेंकटेश बालाजी मठ के पीठाधीश्वर अश्विनी आचार्य महाराज ने इस अवसर पर देव दीपावली के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कार्तिक माह में भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध कर तीनों लोकों को उसके आतंक से मुक्त कराया था। इसी विजय की खुशी में समस्त देवताओं ने काशी में गंगा के घाटों पर दीप जलाकर उत्सव मनाया था। तभी से इस पावन परंपरा के रूप में देव दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है।

