मुंडावर पंचायत समिति में श्रीमती देवी बनीं प्रधान, 17 में से 15 सदस्यों ने किया मतदान
मुंडावर (देवराज मीणा)। मुंडावर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव को लेकर शुक्रवार को राजनीतिक सरगर्मियां तेज रहीं। प्रधान पद के लिए हुए मतदान में कुल 17 निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों में से 15 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि दो पंचायत समिति सदस्यों ने मतदान नहीं किया। मतदान के बाद हुई चुनाव प्रक्रिया में भाजपा की प्रत्याशी श्रीमती देवी निर्वाचित होकर मुंडावर पंचायत समिति की नई प्रधान बनीं।
प्रधान पद के चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मुंडावर थाना अधिकारी मोहर सिंह मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर तैनात रहे।
वहीं डीएसपी रामनिवास मीणा, मुंडावर एसडीएम जय सिंह और तहसीलदार सुमित भारद्वाज ने भी चुनाव प्रक्रिया के दौरान व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखी। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
श्रीमती देवी के प्रधान निर्वाचित होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी का माहौल रहा। समर्थकों ने नवनिर्वाचित प्रधान को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

