तखतगढ़ में बिगड़ी पेयजल व्यवस्था पर पार्षदों का आक्रोश, एईएन को सौंपा ज्ञापन; आंदोलन की चेतावनी
तखतगढ़ में बिगड़ी पेयजल व्यवस्था पर पार्षदों का आक्रोश, एईएन को सौंपा ज्ञापन; आंदोलन की चेतावनी96 घंटे के अंतराल से हो रही सप्लाई पर उठाए सवाल, प्रभावित वार्डों में नियमित पानी व टैंकर व्यवस्था की मांग
तखतगढ़ / पाली / बरकत खां। नगर पालिका क्षेत्र में बिगड़ती पेयजल व्यवस्था को लेकर पार्षदों ने आवाज बुलंद की है। गुरुवार को पार्षदों ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर नगर के विभिन्न वार्डों में पेयजल व्यवस्था में सुधार करवाने की मांग की।
जिम्मेदारी बदलने के बावजूद नहीं हुआ अपेक्षित सुधार ज्ञापन में बताया गया कि पूर्व में पेयजल व्यवस्था का संचालन नगर पालिका के अधीन होता था, लेकिन व्यवस्था सुचारू नहीं होने के कारण इसकी जिम्मेदारी जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को सौंपी गई थी। इसके बावजूद तखतगढ़ नगर में पेयजल व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है। पार्षदों ने कहा कि पहले जिन वार्डों में पानी नहीं पहुंचता था, वहां टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध करवाया जाता था, लेकिन वर्तमान में यह व्यवस्था भी प्रभावी रूप से संचालित नहीं हो रही है। नगर के वार्ड संख्या 8, 10, 11, 12, 15, 16, 17, 18 एवं 19 में आज भी पेयजल की समस्या बनी हुई है।
96 घंटे के अंतराल पर सप्लाई से आमजन परेशान ज्ञापन में विशेष रूप से 96 घंटे के अंतराल से की जा रही पेयजल आपूर्ति पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि जब तखतगढ़ में पेयजल के स्रोत पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, तो इतनी लंबी अवधि के अंतराल से जलापूर्ति करना उचित नहीं है। पार्षदों ने मांग रखी कि यदि 96 घंटे के अंतराल वाली व्यवस्था जारी रखनी है तो पेयजल आपूर्ति का समय बढ़ाया जाना चाहिए, ताकि आमजन को पर्याप्त पानी मिल सके।
कार्रवाई न होने पर भारी आंदोलन की चेतावनी पार्षदों ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से मांग की कि नगर पालिका क्षेत्र के सभी प्रभावित वार्डों में पेयजल व्यवस्था में शीघ्र सुधार किया जाए तथा आमजन को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने पर पार्षदों द्वारा भारी आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान पार्षद अनराज मेवाड़ा (वार्ड 19), सरोज मेवाड़ा (वार्ड 16), मोनिका देवी (वार्ड 1), रामचंद्र जिनगर (वार्ड 10), अतकी देवी (वार्ड 11), भंवरलाल मीणा (वार्ड 12), सूरज वाल्मीकि (वार्ड 15), परिमिला देवी (वार्ड 17) और मनीष परिहार (वार्ड 18) सहित सरवन जी वकील, खेमाराम मेघवाल, सुरेश मेघवाल, राजू परमार, भूपेंद्र सोनी, कैलाश राणा, नारायण राणा व विभिन्न वार्डों के लोगों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर पेयजल समस्या के समाधान की मांग उठाई।

