रैणी पंचायत समिति में कांग्रेस का परचम: 20 वोट पाकर संतरा देवी बनीं प्रधान, 13 मतों से जीतीं
रैणी (अलवर)। महेश चन्द मीना रैणी पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अपना परचम लहरा दिया। कांग्रेस प्रत्याशी संतरा देवी प्रजापत पंचायत समिति की नई प्रधान निर्वाचित हुईं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी डालचंद सैनी को 13 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। चुनाव में संतरा देवी को कुल 20 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी डालचंद सैनी को 7 मतों पर ही संतोष करना पड़ा।
प्रधान पद के चुनाव को लेकर पंचायत समिति परिसर में दिनभर सियासी सरगर्मियां बनी रहीं। परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह व खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी और पार्टी के समर्थन में नारेबाजी की।
पंचायत समिति में कांग्रेस को मिला स्पष्ट बहुमत
रैणी पंचायत समिति के कुल 27 वार्डों में हुए चुनाव में कांग्रेस ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए 16 पंचायत समिति सदस्य जिताए थे। वहीं भाजपा के 6 सदस्य निर्वाचित हुए थे, जबकि 4 निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की और 1 सदस्य बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से चुनकर आया था। सदस्यों के अंकगणित के लिहाज से कांग्रेस पहले ही मजबूत स्थिति में थी, और प्रधान चुनाव में 20 मत हासिल कर संतरा देवी ने अन्य सदस्यों का समर्थन भी जुटाने का संदेश दिया।
कांग्रेस की निर्विरोध सदस्य का भाजपा खेमे से आना बना चर्चा का विषय
इस चुनाव का सबसे चर्चित राजनीतिक पहलू वार्ड नंबर 02 दलालपुरा से कांग्रेस के टिकट पर निर्विरोध निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य रिंकी देवी को लेकर रहा। बताया गया कि वे भाजपा खेमे के साथ मतदान के लिए पहुंचीं और भाजपा सदस्यों के साथ ही वोट डालकर लौट गईं, जो दिनभर इलाके में चर्चा का विषय बना रहा।

