संतरा देवी मीणा बनीं मंडावर पंचायत समिति की पहली प्रधान, 9 वोटों से दर्ज की जीत
मंडावर (अवधेश कुमार अवस्थी)। मंडावर पंचायत समिति से कांग्रेस प्रत्याशी संतरा देवी मीणा (धर्मपत्नी भगवान सहाय मीणा) पहली प्रधान निर्वाचित हुई हैं। उन्हें कांग्रेस के 10 और 2 निर्दलीय सदस्यों सहित कुल 12 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी प्रगति मीणा को 3 वोट मिले। संतरा देवी मीणा ने 9 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर प्रधान पद संभाला।
नवनिर्वाचित प्रधान संतरा देवी मीणा ने कहा कि मंडावर पंचायत समिति को विकास के मामले में आदर्श पंचायत समिति बनाया जाएगा और महिलाओं, गरीबों व किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी गांवों में सड़क, पानी, शिक्षा और स्वच्छता को प्राथमिकता दी जाएगी तथा सभी को साथ लेकर विकास कराया जाएगा।
संतरा देवी मीणा की जीत पर पूर्व विधायक ओमप्रकाश हुडला सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन ने खुशी जताई। समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत-सत्कार किया और जगह-जगह मिठाई बांटकर जश्न मनाया।
क्षेत्र में खुशी का माहौल
चुनाव परिणाम घोषित होते ही क्षेत्र में समर्थकों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। विभिन्न स्थानों पर आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से नवनिर्वाचित प्रधानों का स्वागत किया गया। इस दौरान नवनिर्वाचित प्रधानों ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के साथ सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वच्छता को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

