राजकीय महाविद्यालय खैरथल में प्रथम प्रवेश सूची जारी
खैरथल (हीरालाल भूरानी) राजकीय महाविद्यालय खैरथल में बीए. प्रथम वर्ष के प्रथम सेमेस्टर में 200 सीटों पर प्रवेश के लिए प्रथम प्रवेश सूची जारी कर दी गई है। प्राचार्य डॉ नीतू जेवरिया ने जानकारी दी कि सत्र 2025-26 में बी.ए. प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए महाविद्यालय में 224 विद्यार्थियों ने दस्तावेज जमा करवाकर ईमित्र पर शुल्क जमा करवाया था। इन विद्यार्थियों में से अब 158 विद्यार्थियों का अंतिम रूप से प्रवेश हो गया है। महाविद्यालय में प्रवेश हेतु कटऑफ सामान्य वर्ग में 78.40, ईडब्ल्यूएस वर्ग में 50.20, अन्य पिछड़ा वर्ग में 58.40, अनुसूचित जाति में 70.20, एमबीसी (अति पिछड़ा वर्ग) में 64.20 प्रतिशत रही है। प्रथम प्रवेश सूची में शामिल विद्यार्थियों की कक्षाएँ 21 जुलाई से आरम्भ होंगी।
प्रथम प्रवेश सूची में आर्थिक पिछड़ा वर्ग (ईडब्ल्यूएस) तथा अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग की सीटें रिक्त रही हैं, जिन पर प्रवेश के लिए पात्र विद्यार्थी 22 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिसके पश्चात 25 जुलाई को द्वितीय वरीयता एवं द्वितीय प्रतीक्षा सूची जारी होगी।जिन विद्यार्थियों ने दस्तावेज जमा करवाकर शुल्क जमा करवा दिया है लेकिन प्रवेश सूची में नाम नहीं आया है या जिन्होंने आवेदन तो किया था और जिनका नाम अभी तक किसी सूची में नहीं आया है, सीटें रिक्त रहने पर ऐसे विद्यार्थियों को द्वितीय वरीयता व द्वितीय प्रतीक्षा सूची में अवसर प्राप्त होगा। इन सूचियों में जिन विद्यार्थियों का नाम शामिल होगा वे 29 जुलाई तक कॉलेज में दस्तावेज जमा करवाकर ईमित्र पर शुल्क जमा करवा सकेंगे। रिक्त सीटों पर प्रवेश की द्वितीय सूची 30 जुलाई को जारी होगी।