प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता, पारदर्शिता और समयबद्ध आयोजन हो
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
क्षेत्र के युवा छात्रों ने अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन देकर निवेदन किया कि हम भारत सरकार / राज्य सरकारों द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षा जैसे कि SSC रेलवे व अन्य सरकारी परीक्षाएं आदि की तैयारी कर रहे हैं।
विगत कुछ वर्षों में इन परीक्षाओं की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं, देरी, और पारदर्शिता की कमी देखी गई है, जिससे करोड़ों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। यह समस्या अब सिर्फ परीक्षा से जुड़ी नहीं, बल्कि युवाओं के आत्मसम्मान, धैर्य और सामाजिक विश्वास से भी जुड़ चुकी है। हम इस ज्ञापन के माध्यम से आपसे निम्न बिंदुओं पर संज्ञान लेने और उच्चस्तरीय पहल करने की मांग करते हैं:
हमारी प्रमुख माँगेंः-
- प्रतियोगी परीक्षाओं की निश्चित और पारदर्शी समय-सारणी लागू की जाए।
- परीक्षा केंद्रों की गुणवत्ता, सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्था की सख्त निगरानी हो।
- प्रश्नपत्र लीक/परीक्षा रद्द जैसी घटनाओं पर समयबद्ध और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो।
- भर्ती प्रक्रिया (परीक्षा से नियुक्ति तक) को 9-12 माह के भीतर पूरा किया जाए।
- अभ्यर्थियों को एक पारदर्शी और उत्तरदायी शिकायत निवारण प्रणाली उपलब्ध कराई जाए।
- परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारी विश्वसनीय और अनुभवी एजेंसियों को सौंपी जाए।
- तकनीकी समस्याओं (जैसे- फेस रिकग्निशन, OTP, वेबसाइट क्रैश आदि) के समाधान हेतु पर्याप्त व्यवस्था की जाए।
हम आपसे निवेदन करते हैं कि इन मुद्दों को संबंधित मंत्रालयों/विभागों तक पहुँचाया जाए तथा संसद/विधानसभा में भी इस विषय को प्रभावी ढंग से उठाया जाए।

