बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना एवं जिला महिला समाधान समिति की बैठक सम्पन्न
भरतपुर, 6 अक्टूबर। जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना की जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में बालिकाओं के शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि आर.डी. गर्ल्स कॉलेज के पीछे स्थित उद्यान में पौधारोपण किया जाए ताकि छात्राओं के लिए हरित एवं प्रेरणादायक वातावरण बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में बन रही गर्ल्स लाइब्रेरी में पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे बालिकाओं को अध्ययन सामग्री एवं प्रेरणादायक साहित्य सुलभ हो सके। उन्होंने बालिकाओं के जन्म पर “बालिका जन्मोत्सव” मनाने पर जोर देते हुए कहा कि यह पहल समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ बेटी के सम्मान और स्वाभिमान को प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने इस आयोजन में विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं स्थानीय निकायों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वन स्टॉप सेंटर एवं महिला सुरक्षा सलाह केन्द्रों का औचक निरीक्षण करें, ताकि सेवाओं की गुणवत्ता एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, अतः संबंधित विभाग समन्वयपूर्वक कार्य करें ताकि हर स्तर पर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और प्रोत्साहनपूर्ण वातावरण मिले।
बैठक के पश्चात जिला महिला समाधान समिति की बैठक भी आयोजित की गई। इसमें महिला सुरक्षा, शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा पीड़ित महिलाओं को सहायता उपलब्ध कराने के विषय पर चर्चा हुई।
- कोशलेन्द्र दत्तात्रेय