मिलावट की आशंका में साढ़े बारह हजार लीटर तेल सीज:चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की कार्यवाही
भरतपुर(विष्णु मित्तल) राजस्थान में भरतपुर के ओल्ड रीको इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मित्तल फूड प्रोडक्ट के यहां तेल में मिलावट की आशंका के चलते करीब साढ़े बारह हजार लीटर तेल को सीज किया गया है। जिला कलक्टर कमर चौधरी के आदेश पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई इस कार्यवाही में बुधवार को विभाग की टीम द्वारा किये गए निरीक्षण मे मौके पर फर्म के 14 स्टोरेज टैंक में से दो टैंक में लगभग 11 हजार 5 सौ किलो तेल तथा एक खुली टंकी में लगभग 200 किलो तेल मौजूद था। सभी टैंक इस खुली टंकी से जुड़े हुए थे जिसमें सभी टैंक से टंकी में और टंकी से सभी टैंकों में तेल आ-जा सकता है। टीम को मौके पर ऐसा प्रतीत हुआ कि उक्त फर्म में अलग-अलग टैंक से तेल टंकी में मिक्स किया जाता है जिससे तेल में मिलावट का अंदेशा है। फर्म से टैंक नंबर 7 तथा टैंक नंबर 1 एवं खुली टैंक टंकी से एक-एक नमूना एफएसएस एक्ट 2006 के अंतर्गत वास्ते जांच लिया गया तथा टैंक नंबर 7 में स्थित लगभग 8 हजार किलो एवं टैंक नंबर 1 में स्थित लगभग 3 हजार 500 किलो तेल को मौके पर ही सीज किया किया गया। कार्रवाई को खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेश कुमार शर्मा, रूप सिंह एवं रोशन लाल यादव ने अंजाम दिया।

