डूंगरपुर के पैतृक गांव में हुआ सास-बहू और बेटा का अंतिम संस्कार:अंतिम बार चेहरा तक नहीं देख पाए,सास-बहू और बेटा सहित 4 को ट्रेलर ने रौंदा था
उदयपुर (राजस्थान)
उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर डिवाइडर पर ट्रेलर की चपेट में आए 4 जनों का उनके पैतृक गांव डूंगरपुर के खेमारू गांव में रविवार देर शाम अंतिम संस्कार किया गया। एक ही परिवार के सास-बहू और बेटा का अंतिम संस्कार हुआ तो माहौल गमगीन हो गया। इनके साथ ही मृतक कार ड्राइवर को भी अंतिम विदाई दी गई। भीषण हादसे में सास-बहू के शव क्षत-विक्षत हालत में बुरी तरह बिखरे थे। ऐसे में अर्थी उठने से पहले अंतिम विदाई पर परिवार आखिरी बार उनका चेहरा तक नहीं देख पाया। इससे पहले उदयपुर के ऋषभदेव में पोस्टमार्टम किया गया। शाम करीब 4 बजे पोस्टमार्टम के बाद परिजन शवों को लेकर पैतृक गांव रवाना हो गए थे। मृतक सास संविदा टीचर थीं, बेटा इलेक्ट्रीशियन सलूंबर जिले में सेमारी क्षेत्र के भोराई घाटा निवासी मृतक सास बसंती देवी(54) पत्नी मूलचंद कटारा भोराई घाटा के सरकारी स्कूल में संविदा पर टीचर थी। उनका बड़ा बेटा मृतक अनिल कटारा (30) इलेक्ट्रीशियन था। सास बसंती अपनी छोटी बहू जीजा देवी(24) पत्नी जितेन्द्र कटारा की तबीयत खराब होने पर उसे दिखाई उदयपुर आई थीं। लौटते वक्त ये हादसा हो गया। गाडी ईश्वर पुत्र धुला चला रहा था। जिसकी भी मौत हो गई थी। परिवार में कमाने वाली मां और बड़ा बेटा ही थे मृतक परिवार में कमाने वाले मां बसंती देवी और उनका बड़ा बेटा अनिल कटारा ही थे। इनके जिम्मे ही पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। बसंती के पति खेती करते हैं और उनका छोटा बेटा जितेन्द्र मजदूरी करता है। मां और बड़े बेटे के जाने से अब परिवार पर आर्थिक बोझ आ गया है। अनिल कटारा के तीन बेटी हैं और तीसरी डिलेवरी करीब 10 दिन पहले ही हुई थी। मां-बेटे समेत 4 को ट्रेलर ने रौंद दिया था ।
जानकारी अनुसार एक दिन पूर्व शनिवार रात 8 बजे ऋषभदेव कस्बे में उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर मयूर मिल के पास यह हादसा हुआ था। सभी लोग कार से शाम को घर लौट रहे थे। रास्ते में कार के सामने अचानक भैंस आ गई थी। उसे बचाने की कोशिश में गाड़ी बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराते हुए दूसरी तरफ सड़क पर जाकर पलट गई। हादसे में बोलेरो सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। बाहर निकलकर डिवाइडर पर खड़े हो गए। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने डिवाइडर पर चढ़कर चारों लोगों को रौंद दिया। इसके पीछे से आ रहा ट्रक, टैंकर, जीप और एक कार एक-एक कर टकरा गए। हादसे में कई लोग गंभीर घायल हुए थे और 4 जनों की मौत हो गई थी।