संगठन सृजन अभियान के तहत बसेड़ी विधानसभा क्षेत्र में विशेष बैठक आयोजित:मुख्य अतिथि रहे AICC पर्यवेक्षक नदीम जावेद
सरमथुरा (धौलपुर) नाहर सिंह मीणा
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के निर्देशानुसार संगठन सृजन अभियान के तहत आज बसेड़ी विधानसभा क्षेत्र की विशेष बैठक का आयोजन कन्हैया पैलेस, सरमथुरा में किया गया। इस बैठक में AICC द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक नदीम जावेद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कांग्रेस संगठन के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और ब्लॉक अध्यक्षों से संगठन सृजन अभियान को लेकर सीधा फीडबैक लिया।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं जिला संगठन प्रभारी अजीत यादव, PCC पर्यवेक्षक सज्जाद खान, राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा, धौलपुर विधायक शोभा रानी कुशवाह, बसेड़ी विधायक संजय कुमार जाटव, कांग्रेस नेता प्रशांत परमार और धौलपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष साकेत बिहारी शर्मा सहित वरिष्ठ कांग्रेसजन मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पर्यवेक्षक नदीम जावेद ने संगठनात्मक मजबूती, नए जिला अध्यक्ष की नियुक्ति, बूथ स्तर पर कार्यकर्ता सशक्तिकरण तथा आगामी राजनीतिक रणनीति पर कांग्रेस जनों से विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का असली बल जमीनी कार्यकर्ताओं में है और संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य यही है कि हर कार्यकर्ता की आवाज सीधे शीर्ष नेतृत्व तक पहुँचे।
बैठक के उपरांत पर्यवेक्षक जावेद ने ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों के साथ वन-टू-वन संवाद कर संगठन की वर्तमान स्थिति पर जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी स्तरों पर समन्वय और पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है।
बैठक में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने सुझाव और स्थानीय संगठन से जुड़ी समस्याएँ भी साझा कीं। संगठन सृजन अभियान के इस चरण को बसेड़ी विधानसभा क्षेत्र में सफल और सार्थक आयोजन के रूप में देखा जा रहा है।


