तखतगढ़ : जागरूक नागरिकों की पहल से बचा ‘सड ’ का पेड़, मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुँची गूंज
तखतगढ़ / बरकत खा
कस्बे के पुराने बस स्टैंड पर स्थित वर्षों पुराना सड का विशाल पेड़, जिसे अज्ञात लोगों ने कुछ दिन पहले बिना अनुमति काटने का प्रयास किया था, अब सुरक्षित है। यह संभव हुआ कस्बे के जागरूक नागरिकों की पहल और मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुँची आवाज़ के चलते। स्थानीय समाजसेवी छगन घांची ने पेड़ की सुरक्षा को लेकर आगे बढ़ते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र भेजकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की थी।
सूत्रों के अनुसार, सीएम कार्यालय से जिला कलक्टर पाली को निर्देश जारी कर राजस्व अधिकारियों व नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी (ईओ) को मौके का मुआयना कर पेड़ के संरक्षण एवं बचाव के निर्देश दिए गए।इसके बाद पालिका प्रशासन की ओर से पेड़ के चारों ओर ब्लैक ग्रेनाइट पत्थरों से आकर्षक चबूतरा तैयार करवाया गया।
दिलचस्प बात यह है कि इस पेड़ के नीचे वर्षों से एक पुरानी चाय की थड़ी भी है, जो सुबह-शाम स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं का अड्डा बनी रहती है।
दीपावली की पूर्व संध्या पर इस पेड़ को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया, जो नगरवासियों के आकर्षण का केंद्र बन गया।
लोगों ने इसे “प्रकृति और सजगता का प्रतीक पेड़” बताते हुए छगन घांची सहित सभी जागरूक नागरिकों के प्रयासों की सराहना की।