खैरथल में जाम की गंभीर बनी समस्या, युवाओं ने उठाई ओवरब्रिज की मांग:आमजन के साथ वाहन चालक हो रहे परेशान
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
शहर के प्रमुख रेलवे फाटक संख्या 93 पर 24 घंटे में लगभग 40 बार बंद होने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लगना आम हो गया है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए खैरथल के जागरूक युवाओं ने सोशल मीडिया पर मुहिम छेड़ी है और रेलवे फाटक के पास ओवरब्रिज बनाने की मांग की है। युवाओं का कहना है कि इस फाटक के कारण शहर के दोनों हिस्सों को जोड़ने के लिए अन्य कोई रास्ता नहीं है, और इस समस्या को हल करने के लिए वे लगातार सोशल मीडिया के जरिए रेल मंत्री, प्रधानमंत्री और रेलवे बोर्ड के उच्च अधिकारियों को मेल, ट्विटर और पत्रों के माध्यम से इस गंभीर स्थिति से अवगत करा रहे हैं।
खैरथल का रेलवे फाटक शहर के प्रमुख मार्ग मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड पर स्थित है, जो कोटपूतली और भिवाड़ी को जोड़ता है। इस मार्ग से कई शिक्षण संस्थान, बैंक, सरकारी दफ्तर, बड़े ट्रक, गैस टैंकर और ट्रॉले भी गुजरते हैं। इसके अलावा, रेलवे फाटक के पास स्थित अंडरपास की स्थिति भी नाजुक है, खासकर बारिश के मौसम में जब पानी भर जाता है, और फाटक बंद होने पर जाम और बढ़ जाता है।
इन जामों में न केवल आम जनता, बल्कि पुलिस की गाड़ियां, स्कूल बसें, एम्बुलेंस और दमकल जैसी आपातकालीन सेवाएं भी फंस जाती है, जिससे समय पर इलाज और राहत मिलना कठिन हो जाता है। ये समस्या कई वर्षों से बनी हुई है, लेकिन इसके समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
युवाओं का कहना है कि ओवरब्रिज बनने से न केवल जाम की समस्या हल होगी, बल्कि आपातकालीन सेवाओं को भी समय पर गंतव्य तक पहुंचने में मदद मिलेगी। चाहे प्रशासनिक अधिकारी हों या नेता, किसी को भी इससे राहत नहीं मिल पाई है। शहरवासियों की ओर से उठाई गई यह आवाज अब तेज हो रही है, और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।


